बिहार : पूर्वी चंपारण के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर परिसर में इस समय लोग गहरी आस्था और भक्ति में डूबे हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कुछ ही घंटों में काशी समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्वान पीठ स्थापना की पूजा करेंगे।
Highlights:
सांसद शांभवी चौधरी बनीं यजमान
समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी और उनके पति सायण कुणाल आज के मुख्य यजमान के रूप में पूजा में बैठे। सायण कुणाल पटना स्थित महावीर मंदिर न्यास के सचिव भी हैं, जिससे इस आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
डेढ़ साल की कठिन मेहनत का परिणाम
याद रहे कि 20 जून 2023 को धार्मिक न्यास परिषद पटना के तत्कालीन अध्यक्ष आचार्य किशोर कुणाल के नेतृत्व में मंदिर निर्माण का शिलापूजन हुआ था। इसके बाद करीब डेढ़ साल तक प्रतिदिन लगभग 250 मजदूरों ने मेहनत की। जमीन के अंदर 100 फीट गहराई तक कुल 3102 स्तंभ खड़े किए गए। नींव का काम पूरा होने के बाद मजबूत आधारपीठ तैयार की गई, जिस पर आज 33 फीट ऊंचा और 33 फीट मोटा सहस्रलिंगम स्थापित किया जा रहा है। यह शिवलिंग तमिलनाडु के महाबलीपुरम में विशेष रूप से बनाया गया है।
बड़े नेताओं की मौजूदगी
इस ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर पूरे राज्य में उत्साह है।
सम्राट चौधरी की शुभकामनाएं
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर पोस्ट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि यह आयोजन प्रदेश की आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा को और मजबूत करेगा। आज का दिन कैथवलिया ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण माना जा रहा है।


