रांची: चुटिया थाना क्षेत्र के साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के पास बुधवार रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार बेकाबू एसयूवी ने 6 लोगों को कुचल दिया। हादसे में हिनू निवासी धमेंद्र कुमार (40) की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन लेकर रांची स्टेशन की ओर भाग गया। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपी थार चालक अतुल को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त थार जीप को भी बरामद कर लिया है।
घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनका बेटा कुणाल नायडू (26), कृष्णापुरी चुटिया निवासी संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक धमेंद्र कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। धमेंद्र मोबाइल टावर लगाने वाली कंपनी में काम करते थे।
घायल अमित सिंह ने बताया कि वे साउथ रेलवे कॉलोनी में मुनचुन सिंह के गृह प्रवेश में गए थे। वहां धमेंद्र कुमार, संदीप महतो और प्रशांत गौरव भी आए थे। रात करीब 10 बजे वे लोग अपने-अपने घर लौटने के लिए निकले। वे सड़क किनारे पैदल रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। तभी अचानक पीछे से काले रंग की एक तेज रफ्तार एसयूवी डोरंडा की ओर से आई और टक्कर मार दी।
हमें संभलने या हटने का मौका ही नहीं मिला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हम सब उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। मुझे चोट लगी, लेकिन धमेंद्र कुमार की हालत सबसे ज्यादा गंभीर थी। उनके सिर और सीने में गहरी चोटें आई थीं। गृह प्रवेश में आए अन्य लोगों ने तुरंत मदद की और सभी घायलों को गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया।
इन चारों को कुचलने के बाद आनन फानन में थार जीप रेलवे स्टेशन की ओर भागने लगी और इसी क्रम में डोरंडा बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से लौट रही रेलवे टीटी अन्नपूर्णा नायडू और बेटे कुणाल नायडू को भी जोरदार टक्कर मारी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मां बेटे रोड के अलग-अलग तरफ जा गिरे। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने आसपास के इलाकों और नेपाल हाउस की ओर जाने वाले मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला, जिसके बाद आरोपी की पहचान कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।


