पटना: बीपीएससी ने टीआरई-4 के लिए आवेदन प्रक्रिया की अधिसूचना मंगलवार को जारी कर दी। आयोग के अनुसार 32 हजार 388 पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 सितंबर से शुरू होंगे। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.bpsc.biharegov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन का लिंक 25 सितंबर से 25 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगा।
इसे भी पढ़ें: Bihar Weather Alert: 23-28 सितंबर तक कई जिलों में बारिश और आंधी का डबल अलर्ट
अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा। शुल्क का भुगतान नहीं होने की स्थिति में आवेदन को पूर्ण नहीं माना जाएगा और आवेदन अस्वीकृत किया जा सकता है। ऑनलाइन शुल्क भुगतान के लिए लिंक 26 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शुल्क का भुगतान होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन और शुल्क भुगतान पूरा करने की सलाह दी गई है।
आयोग की ओर से जारी विवरण के अनुसार प्राथमिक विद्यालय में 3,847 पद, मध्य विद्यालय में 8,563 पद, माध्यमिक विद्यालय में 3,877 पद और उच्च माध्यमिक विद्यालय में 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं। इस तरह चारों स्तरों पर कुल 32,388 पदों पर भर्ती की जाएगी। आयोग की वेबसाइट पर विषयवार रिक्तियों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले अपने विषय और संबंधित विद्यालय स्तर की रिक्तियों की जानकारी देख सकेंगे। इससे उन्हें आवेदन के दौरान संबंधित पद का चयन करने में सुविधा होगी।


