रांची : सोमवार को रांची में प्रसिद्ध साउथ इंडियन रेस्टोरेंट कुप्पुस्वामी के मालिक शंकर नारायण सोमवार को अपने घर में मृत पाए गए. बताया जा रहा है कि उन्होंने खुददुशी की है, पुलिस भी फिलहाल इस मामले को आत्महत्या मानकर छानबीन में जुट गई है. उनका शव कांके थाना क्षेत्र के जगतपुरम कॉलोनी स्थित उनके कमरे से बरामद हुआ। इस घटना से जहां परिवार सदमे में है, तो वहीं उनके करीबी भी इस घटना को लेकर आश्चर्य में है.
Highlights:
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्यों ने शंकर नायर को आवाज दी तो काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया. दरवाजा तोड़ने के बाद कमरे के अंदर शंकर नारायण फांसी के फंदे से झूलते नजर आए. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे. परिजनों के अनुसार शंकर नारायण पिछले कुछ महीनों से भारी कर्ज को लेकर मानसिक तनाव में थे। परिवार के मुताबिक, वह धीरे-धीरे अवसाद में चले गए थे।
वहीं मामले को लेकर कांके के थाना प्रभारी का कहना है कि घटना की विस्तृत जांच जारी है, किसी भी प्रकार का कोई सुसाइड नोट मिलने के कारण घटना के मूल वजहों की जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है, वित्तीय लेन-देन और कर्ज से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। साथ ही इसकी बात की भी जांच की जा रही है कि क्या शंकर किसी धोखाधड़ी के शिकार तो नहीं हुए।
केरल के रहने वाले थे शंकर नारायण
शंकर मूल रूप से केरल के रहने वाले थे और काफी समय से रांची में रहकर होटल और रेस्टोरेंट का कारोबार कर रहे थे। उनकी पहली पत्नी की 10 साल पहले मौत हो गई थी। पहली पत्नी से उनके दो बेटे हैं। छह साल पहले उन्होंने दूसरी शादी की थी, जिससे कोई संतान नहीं है। कुप्पुस्वामी रांची का एक लोकप्रिय साउथ इंडियन रेस्टोरेंट है। कांके रोड स्थित यह रेस्टॉरेंट लोगों की पसंदीदा जगहों में से एक है।


