दिल्ली : देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पूरे देश में मनाई जा रही है, नई दिल्ली स्थित सदैव अटल स्मारक पर पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों समेत कई लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर ‘सदैव अटल’ स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की.
Highlights:
अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह दिल्ली स्थित सदैव अटल स्मारक पहुंचे। यहां उन्होंने अटल जी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पीएम मोदी ने अटल जी के योगदान को याद किया और देश के लिए उनके विचारों व सेवा को नमन किया।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा
इससे पहले पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते लिखा, “आदरणीय अटल जी की जन्म-जयंती हम सबके लिए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का एक विशेष अवसर है। उनका आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि श्रेष्ठता पद से नहीं, आचरण से स्थापित होती है और वही समाज को दिशा देती है। इस अवसर पर मैं इस सुभाषित को साझा कर रहा हूं, जो उनके जीवन के एक पहलू को परिभाषित करता है: यद्यदाचरति श्रेष्ठस्तत्तदेवेतरो जनः। स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते॥”
क्रिसमस प्रार्थना सभा में पहुंचे पीएम मोदी
श्रद्धांजलि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रिसमस के मौके पर दिल्ली की कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन पहुंचे। यहां उन्होंने क्रिसमस मॉर्निंग प्रेयर में भाग लिया। इस दौरान चर्च में प्रार्थनाएं और कैरोल गाए गए। दिल्ली के बिशप रेव्ह डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री के लिए विशेष प्रार्थना भी की।
पीएम मोदी ने दी क्रिसमस की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने क्रिसमस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “सभी को शांति, करुणा और आशा से भरे क्रिसमस की शुभकामनाएं। यीशु मसीह की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को और मजबूत करें।” उनका यह संदेश लोगों के बीच काफी सराहा गया।
राहुल गांधी का संदेश
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी क्रिसमस और नए साल के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर देशवासियों को बधाई दी और आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश दिया।
ईसाई समुदाय के कार्यक्रमों में नियमित भागीदारी
पिछले कुछ वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में नियमित रूप से शामिल होते रहे हैं। 2024 में वे केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के घर क्रिसमस डिनर में शामिल हुए थे और कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया के एक कार्यक्रम में भी पहुंचे थे। वहीं 2023 में क्रिसमस के अवसर पर उन्होंने दिल्ली में अपने सरकारी आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया था।
अटल जयंती और क्रिसमस जैसे अवसरों पर प्रधानमंत्री की सक्रिय भागीदारी को सामाजिक सद्भाव और धार्मिक सौहार्द के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। आज का दिन श्रद्धा, सेवा और भाईचारे की भावना के साथ पूरे देश में मनाया गया।


