रांची: झारखंड की राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित एदलहातु में गुरुवार को बच्चा चोरी की अफवाह के कारण भीड़ ने दो महिलाओं और एक पुरुष की जमकर पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों ने तीनों पर एक बच्चे को चुराने का आरोप लगाया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित निकाल लिया।
Highlights:
ऑटो में रोते बच्चे को देखकर फैली अफवाह
जानकारी के अनुसार, दो महिला और एक पुरुष एक ऑटो में एक बच्चे को लेकर जा रहे थे। बच्चा रो रहा था, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका जताई। देखते ही देखते यह बात फैल गई और भीड़ ने ऑटो को रोककर तीनों को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा चोरी की घटना सच थी या नहीं।
समय पर पहुंची पुलिस, तीनों को बचाया
मामले की सूचना मिलते ही बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर तीनों को भीड़ से छुड़ाया और सुरक्षित थाने ले आई। फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सावधान रहें और कानून को अपने हाथ में न लें। ऐसी घटनाओं से निर्दोष लोगों को नुकसान हो सकता है और समाज में भय का माहौल बनता है।

