झारखंड : झारखंड पुलिस के लिए शुक्रवार का दिन बेहद गर्व भरा साबित हुआ, जब बोकारो व पारसनाथ में हुए एक विशेष नक्सल विरोधी अभियान में अपनी वीरता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कई पुलिस अधिकारियों और जवानों को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक 2025 से सम्मानित किये जाने का एलान किया गया. यह सम्मान उन पुलिसकर्मियों को दिया गया जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और नक्सल उन्मूलन में असाधारण साहस, योजना और दक्षता का प्रदर्शन किया.
बता दें कि बोकारो जिले में पुलिस ने कुछ महीने पहले एक महत्वपूर्ण नक्सल विरोधी अभियान चलाया था. इस अभियान में पुलिस टीम ने मुठभेड़ में पांच इनामी नक्सलियों को मार गिराया था. यह ऑपरेशन न केवल रणनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण था, बल्कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने में भी बेहद प्रभावी साबित हुआ. इस अभियान में शामिल सभी अधिकारी और जवान बहादुरी, टीमवर्क और खुफिया जानकारी के उपयोग के लिए सराहे गए.
इस वर्ष केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक पाने वालों में देश के 1364 जवान व अधिकारी शामिल हैं। इनमें झारखंड के 14 अधिकारी-जवान शामिल हैं। इनके अलावा इंवेस्टिगेशन फील्ड के 93, फोरेंसिक साइंस फील्ड के नौ वैज्ञानिकों को भी यह सम्मान दिया गया है।
सुरक्षा बलों ने जिन माओवादियों को मार गिराया था, उनमें एक करोड़ का इनामी माओवादियों का सेंट्रल कमेटी सदस्य प्रयाग मांझी उर्फ विवेक उर्फ फुचना व नागो मांझी उर्फ करण उर्फ लेतरा, स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य व बिहार से तीन लाख का इनामी अरविंद यादव उर्फ अविनाश, दस लाख रुपये का इनामी जोनल कमेटी सदस्य साहेबराम मांझी, सक्रिय माओवादी गंगाराम उर्फ पवन लंगड़ा, महेश, तालो दी, महेश मांझी उर्फ मोटा उर्फ डोरा तथा रंजू मांझी उर्फ संथाली शामिल थे।
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से निम्नलिखित पुलिस अधिकारी और जवानों को सम्मानित किया गया है, उसमें तत्कालीन आईजी अभियान होमकर अमोल वेणुकांत, अभियान आईजी माइकल राज एस, डीआईजी इंद्रजीत महथा, डीआईजी सुरेन्द्र कुमार झा, आईपीएस मनोज स्वर्गीयरी, डिप्टी कमांडेंट मिथिलेश कुमार, सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर मंटू कुमार, कांस्टेबल दीनबंधु कुमार, कांस्टेबल पारस कुमार वर्मा, कांस्टेबल विकास कर्मकार, कांस्टेबल भगीरथ रजवार, कांस्टेबल शिवनंदन हांसदा और कांस्टेबल अजय मेहता.
Also Read : बाइक पर स्टन्ट करते हुए टीकू तलसानिया का वीडियो हुआ वाइरल, पुलिस से मांगी माफी
इन सभी पुलिसकर्मियों ने ऑपरेशन के दौरान न केवल साहस दिखाया, बल्कि जिस अनुशासन और पेशेवर दक्षता के साथ मिशन को अंजाम दिया, उसने झारखंड पुलिस की छवि को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है. बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक हर वर्ष देशभर में उन पुलिसकर्मियों को दिया जाता है जिन्होंने विशेष अभियान, जांच, खुफिया कार्य, या फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया हो. यह पुरस्कार न केवल वीरता का प्रतीक है, बल्कि यह पुलिस बल के मनोबल और पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ाने का भी माध्यम है.


