जयपुर : कॉकरोच जनता पार्टी 15 जून को सुबह 10 बजे जयपुर के शहीद स्मारक पर पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन करेगी. इस प्रदर्शन में कॉकरोच पार्टी के मुखिया अभिजीत दीपके भी शामिल होंगे. पार्टी के राजस्थान समन्वयक शशि मीणा ने जयपुर दक्षिण डीसीपी कार्यालय से प्रदर्शन की अनुमति के लिए 9 जून को पत्र लिखा था. लेकिन, डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज वर्मा ने शहीद स्मारक पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: असम विमान हादसे में बिहार के दो जवान शहीद, दानिश को दी गई अंतिम विदाई, शुभम का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अनुमति नहीं
डीसीपी दक्षिण कार्यालय ने अनुमति नहीं देने का आदेश जारी करते हुए कहा, “जांच से सामने आए परिस्थितियों के आधार पर कानून-व्यवस्था की दृष्टि से शहीद स्मारक, गवर्नमेंट हॉस्टल, जयपुर में धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति दी जाना संभव नहीं है.”
डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि, “प्रदर्शन के लिए जो शर्तें थीं, उनका पालन अभी तक नहीं हो रहा था, इसलिए शहीद स्मारक पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है. इसमें कितने लोग शामिल होंगे, यह बात इन्हें भी नहीं मालूम.” डीसीपी ने कहा है, “अगर प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोग पार्किंग और अन्य शर्तों का पालन कर पाएंगे, तो हम अनुमति देंगे. हम अभी देख रहे हैं.”
पार्टी ने अनुमति नहीं मिलने पर कहा
कॉकरोच जनता पार्टी के राजस्थान समन्वयक शशि मीणा ने कहा है, “हम शहीद स्मारक पर ही प्रदर्शन करेंगे. हमने पुलिस को बताया है कि क़रीब पांच सौ लोग इसमें शामिल होंगे. पार्टी के मुखिया अभिजीत दीपके सोमवार सुबह जयपुर आएंगे और पुलिस से फिर शहीद स्मारक पर प्रदर्शन की अनुमति लेंगे.”
अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “खम्मा घणी राजस्थान. सोमवार, 15 जून को तीन बजे से मैं आप सबके बीच शहीद स्मारक, जयपुर पर मौजूद रहूंगा. पेपर लीक ने राजस्थान के लाखों युवाओं का जीवन बर्बाद किया है. अब वक्त है एकजुट होकर अपनी आवाज़ रखने का. आप ज़रूर आइएगा. मिलकर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा मांगते हैं.”




