चतरा : झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत CCL की उरसू मोड़ स्थित चन्द्रागुप्त कोल माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड कार्यालय में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग करने, रंगदारी मांगने और सुरक्षाकर्मी को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए इसमें संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विकास कुमार सिंह और स्वराज ठाकुर के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में फिर एक्टिव हुआ मॉनसून, मौसम विभाग ने 26 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के पास से 7.65 एमएम और 7.62 एमएम का एक खाली खोखा, तीन स्मार्टफोन, 32,800 रुपये बरामद किए हैं. मामले का उदभेदन के लिए गठित एसआईटी जब आरोपी विकास कुमार सिंह को साथ लेकर घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए जा रही थी, तभी टंडवा थाना क्षेत्र में विकास कुमार सिंह ने एक पुलिस पदाधिकारी की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर ही गोली चला दी और भागने का प्रयास किया.
पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो इस दौरान विकास कुमार सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी. इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए पहले एनटीपीसी अस्पताल टंडवा और उसके बाद हजारीबाग रेफर कर दिया गया. पुलिस की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि इन दोनों अपराधियों का संबंध कुख्यात राहुल दुबे गैंग से है और उसी के इशारे पर अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था. जांच में पता चला कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर स्वराज ठाकुर को 50 हजार रुपये भी दिए गए थे. फिलहाल अपराधियों गिरोह के तीन अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा किया है.

