कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र में नकली पुलिस बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लोगों को पुलिस होने का झांसा देकर सुनसान जगह पर ले जाकर उनसे पैसे और सामान लूटता था। हाल ही में कोडरमा रेलवे स्टेशन के बाहर एक यात्री को आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर अपनी बाइक पर बैठाया। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे दो हजार रुपये और काजू का पैकेट छीन लिया गया।
इसे भी पढ़ें : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता आलमगीर आलम की बेल पर सुप्रीम कोर्ट में 24 मार्च को सुनवाई
इस घटना के बाद पीड़ित मिथिलेश कुमार, जो बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं, ने तिलैया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपाल प्रसाद उर्फ सौरव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले फूड डिलीवरी का काम करता था, लेकिन ज्यादा पैसे कमाने के लालच में उसने यह रास्ता अपनाया।


