झारखंड : झारखंड के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी सोमवार को अधिसूचना जारी हो गई. इसके साथ ही नामांकन दाखिल करने का काम आज से शुरू हो जाएगा. नामांकन 20 अक्टूर तक दाखिल हो सकेंगे जबकि 21 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 24 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे.इस उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे जबकि 14 नवंबर को मतगणना होगी. इस सीट पर दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण उपचुनाव हो रहे हैं. बीते 15 अगस्त को दिल्ली में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था.
उपचुनाव में नामांकन घाटशिला अनुमंडल मुख्यालय में होगा और इसे लेकर एसडीओ को निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं नामांकन के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से अनुमंडल कार्यालय को चारों ओर से बैरिकेडिंग के माध्यम से घेरा गया है. अनुमंडल कार्यालय के गेट पर तीन लेयर वाले सुरक्षा बैरियर लगाये गये हैं, ताकि केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही अंदर में प्रवेश मिल सके. प्रत्याशियों को अपने नामांकन के दौरान सिर्फ प्रस्तावक को ही लाने की अनुमति होगी. चर्चा है कि भाजपा और झामुमो उम्मीदवारों का नामांकन 17 अक्तूबर को होगा.
6 अक्टूबर को उपचुनाव की घोषणा होने के साथ ही घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई थी. उपचुनाव को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के साथ-साथ झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार भी लगातार चुनाव तैयारियों पर नजर रख रहे हैं. उपचुनाव की घोषणा के बाद से वह तैयारियों के मद्देनजर कई बैठकें भी कर चुके हैं.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,55,823 मतदाता हैं. इसमें 1,24,899 पुरुष और 1,30,921 महिला मतदाता हैं. उपचुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से वेबकास्टिंग की जायेगी. साथ ही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एवं सीमाओं पर चेकपोस्ट तैयार किये जायेंगे. इन पोस्ट्स पर वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी रखी जायेगी. घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या इस बार 288 से बढ़कर 300 हो गये हैं.


