पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे और 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद की शपथ ले सकते हैं. बताया जा रहा है कि इसके लिए वे इस दिन दिल्ली में रहेंगे. उनके साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष व निवर्तमान राज्यसभा सांद उपेंद्र कुशवाहा, बीजेपी के नवनिर्वाचित सांसद शिवेश कुमार और केंद्रीय मंत्री व जदयू नेता रामनाथ ठाकुर भी शपथ लेने वाले हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि दिल्ली प्रवास के दौरान वे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से भी भेंट करेंगे, जिसके बाद बिहार की नई कैबिनेट का स्वरूप तय होगा।
इसे भी पढ़ें : तृणमूल कांग्रेस को लेकर चुनाव आयोग के सोशल मीडिया X के पोस्ट पर मचा बवाल, जेएमएम ने ये कहा
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद नए मुख्यमंत्री को लेकर 10 अप्रैल को एनडीए खासकर बीजेपी में हलचल तेज है. बीजेपी से इस बार मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है. बिहार में नई सरकार के गठन के लिए दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने 10 अप्रैल को बिहार बीजेपी कोर ग्रुप के नेताओं को दिल्ली बुलाया गया. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में बीजेपी के शीर्ष केंद्रीय नेताओं के अलावा बिहार के नेता भी शामिल होंगे.
इसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, संजय जायसवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया भी रहेंगे. साथ ही मंत्री दिलीप जायसवाल और मंत्री मंगल पांडेय सहित अन्य प्रमुख नेताओं को भी बुलाया गया है.


