रांची : राजधानी रांची से रहस्मय तरीके से गायब हुए दोनों मासूम बच्चे अंश और अंशिका सुरक्षित खोज लिए गए हैं. कई जिला और कई राज्यों की पुलिस टीम दोनों भाई-बहन को खोजने में जुटी थी, लेकिन सफलता रामगढ़ पुलिस को हाथ लगी है. दोनों बच्चों को रामगढ़ के चितरपुर से बरामद किया गया है. इसके बाद उन्हें सुरक्षित रामगढ़ एसपी के आवास पर लाया गया है. बच्चों के पिता सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस के द्वारा उन्हें बच्चों के सुरक्षित बरामद होने की सूचना दी गई है.
फिलहाल रांची एसएसपी के नेतृत्व में टीम रामगढ़ के लिए रवाना हो चुकी है। बताया जा रहा है इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक महिला और एक पुरुष शामिल है। दोनों रांची के नहीं बल्कि बाहर के रहने वाले बताए जा रहे है। इस पूरे मामले में थोड़ी ही देर में झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्र के द्वारा पूरी जानकारी दी जाएगी।
दोनो मासूमों के बरामद होने की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि अपहरण कर्ताओं के चंगुल से आजाद हुईं दो मासूम जिंदगियां. आखिर कोई इतना कैसे गिर सकता है? व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए पिछले कुछ दिन काफी परेशान करने वाले रहे. शुरुआत में सफलता नहीं मिल रही थी लेकिन फिर जिस ढंग से दूसरे राज्य में हुई इसी ढंग की घटना के तार जोड़ रांची पुलिस ने अपराधियों तक पहुंच कर बच्चों को मुक्त करवाया है, वह प्रशंसनीय है. आगे सीएम ने लिखा हम इस जांच अभियान को यहीं नहीं छोड़ने जा रहे हैं.राज्य एवं राज्य से बाहर घटित हुई ऐसी घटनाओं का गहन पड़ताल करते हुए, अपराधी गिरोह की कमर तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी. आगे उन्होंने झारखंड पुलिस और रांची पुलिस टीम को तत्परता और कार्यकुशलता के लिए बहुत-बहुत बधाई दी.


