डेस्क: हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। हिंदी हमारी मातृभाषा है जो हमें एक दूसरे से जोड़ कर रखती है। आज का दिन हिंदी भाषा के महत्व को याद किया जाता है। भारत में हिंदी सबसे ज्यादा बोली और समझने वाली भाषाओं में से एक है। देश के अलग-अलग राज्यों में भी लोग हिंदी के जरिए एक-दूसरे से आसानी से जुड़ते हैं। बता दें, कि विश्व स्तर पर हिंदी भाषा अंग्रेजी और मंदारिन (चाइनीज) के बाद तीसरी सबसे ज्यादा बोले जाने वाली भाषा है। इस भाषा को बोलने वालों की संख्या 609 से 610 मिलियन से भी ज्यादा है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: आज है चौठचंद्र, बिहार के मिथिलांचल में जानें चांद को देखकर क्यों किया जाता है ये खास व्रत?
14 सितंबर 1949 की तारीख क्यों
14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को देवनागरी लिपि में संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसी वजह से हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। भारत के संविधान में हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया है। हालांकि भारत में कई अलग-अलग भाषाएं बोली जाती हैं और सभी भाषाओं का अपना महत्व होता है। हिंदी को देश के कई हिस्सों में संपर्क भाषा के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है।
हिंदी सिर्फ बातचीत की भाषा ही नहीं, बल्कि यह भारत की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। हिंदी में बड़ी संख्या में कविताएं, कहानियां, उपन्यास, नाटक और दूसरी साहित्यिक रचनाएं भी लिखी गई हैं। मुंशी प्रेमचंद, रामधारी सिंह दिनकर, महादेवी वर्मा, हरिवंश राय बच्चन जैसे अन्य महान लेखकों और कवियों ने हिंदी साहित्य को समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभाई है। हिंदी सिनेमा, टीवी, समाचार और डिजिटल मीडिया ने भी इस भाषा को देश-दुनिया तक पहुंचाने में काफी मदद की है।
हिंदी दिवस के मौके पर स्कूल, कॉलेज और सरकारी संस्थानों में कई तरह के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इनमें भाषण, निबंध लेखन, कविता पाठ, कहानी लेखन और हिंदी क्विज जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होती हैं। कई जगहों पर हिंदी भाषा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम भी किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को हिंदी के महत्व के बारे में बताना और हिंदी के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी हिंदी कंटेंट
आज के समय में हिंदी का इस्तेमाल सिर्फ किताबों और अखबारों तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया, वेबसाइट, यूट्यूब और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी हिंदी कंटेंट तेजी से बढ़ रहा है। मोबाइल और इंटरनेट की वजह से हिंदी में जानकारी पढ़ना और देखना पहले से आसान हो गया है। अब लोग हिंदी में खबरें पढ़ने के साथ-साथ ऑनलाइन पढ़ाई, मनोरंजन और दूसरी सेवाओं का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
हिंदी दिवस हमें अपनी भाषा के प्रति सम्मान और उसके सही इस्तेमाल का संदेश देता है। साथ ही यह भी याद दिलाता है कि भारत की सभी भाषाएं और बोलियां हमारी सांस्कृतिक की विरासत हैं। इस दिन का उद्देश्य किसी दूसरी भाषा को कमतर दिखाना नहीं, बल्कि हिंदी के महत्व को समझना और उसे आगे बढ़ाना है। हिंदी दिवस पर हमें हिंदी भाषा का सम्मान करने के साथ-साथ देश की सभी भाषाओं का भी सम्मान करना चाहिए।


