न्यूज डेस्क: केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ जांच के आदेश दिए हैं. यह जानकारी न्यूज़ एजेंसी पीटीआई और एएनआई ने दी है. ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ ये जांच विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (वीएसीबी) करेगी, जिसमें 2006 में केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (केएसटीपी) सड़क निर्माण परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोपों और इससे जुड़े एक मलेशियाई ठेकेदार की मौत को लेकर जांच होगी.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : डुमरी विधायक जयराम महतो को विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय से मिली पीएचडी की उपाधि
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ जांच के आदेश देने के बाद इस संबंध में केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि उन्होंने यह जांच के आदेश कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की उस याचिका के बाद दिया, जिसमें केरल में PWD सचिव रहते हुए ज्ञानेश कुमार की कथित अनियमितताओं और भ्रष्ट गतिविधियों की जानकारी थी. गृह मंत्री ने यह भी कहा कि मलेशियाई प्रोजेक्ट इंजीनियर ली के ‘सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का साफ़ तौर पर ज़िक्र’ किया गया है.
उन्होंने एएनआई से कहा, “इसलिए सरकार हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकती. मैं चुपचाप बैठे ये नहीं देख सकता. मैंने इसे विजिलेंस डायरेक्टर के पास भेज दिया है, जिससे कि याचिका के विवरण की जांच की जा सके और न्याय दिलाने के लिए क़ानूनी कार्रवाई की जा सके.” चेन्निथला ने इस आदेश को राजनीतिक बदले की कार्रवाई से जोड़ने से इनकार किया है.
उन्होंने कहा, “बेशक, हम सभी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं… हम उनके ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं. लेकिन यह मामला अलग है. एक मंत्री के तौर पर यह मेरी ज़िम्मेदारी है कि मैं पूरे मामले की जांच करूं और अगर कोई अपराध है, तो इसे आगे की जांच के लिए विजिलेंस डायरेक्टर के पास भेजना मेरा काम है.”
केरल कैडर के IAS अधिकारी
साल 2006 में ज्ञानेश कुमार राज्य में पीडब्ल्यूडी सचिव के पद पर तैनात थे. पीटीआई के मुताबिक़, ज्ञानेश कुमार केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं. केंद्र सरकार के मंत्रालयों में जाने से पहले उन्होंने राज्य में विभिन्न विभागों की ज़िम्मेदारी संभाली थी. ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ ये क़दम ऐसे वक़्त पर उठाया गया है जब वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उनके ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और उनके इस्तीफ़े की मांग हो रही है.


