दिल्ली : जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) छात्र संघ की चुनाव समिति ने गुरुवार को 2025–26 सत्र के चुनावों का अस्थायी कार्यक्रम जारी किया. जारी कार्यक्रम के अनुसार, 4 नवंबर को मतदान होगा और 6 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे. इससे पहले 24 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अंतिम मतदाता सूची जारी करने और उसमें संशोधन की प्रक्रिया होगी.
Highlights:

जेएनयू छात्र संघ चुनाव का पूरा कार्यक्रम
24 अक्तूबर को प्रारंभिक मतदाता सूची/मतदाता सूची में सुधार
25 अक्तूबर को नामांकन फॉर्म जारी होगा
27 अक्तूबर से नामांकन पत्र दाखिल करना
28 अक्तूबर को वैध नामांकनों की सूची जारी होगी/नामांकन वापस लेना/अंतिम उम्मीदवार सूची
1 नवंबर को विश्वविद्यालय महासभा की बैठक
2 नवंबर को प्रेजिडेंटियल डिबेट
4 नवंबर को मतगणना
6 नवंबर को परिणाम
छात्रसंघ चुनाव के ऐलान को लेकर प्रमुख छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जेएनयू इकाई की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. जेएनयू छात्रसंघ के मौजूदा अध्यक्ष और आइसा के पदाधिकारी नीतीश ने कहा कि आइसा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है. इस बार छह महीने के अंदर चुनाव हो रहा है. हम अपने छह महीने के कार्यकाल में छात्रों के लिए किए गए कामों को लेकर वोट मांगेंगे. उन्होंने कहा कि एक बार फिर हमारी एसएफआई से चुनाव के लिए गठबंधन की बात चल रही है. पिछले चुनाव में गठबंधन नहीं हो पाया था, लेकिन इस चुनाव में गठबंधन होने की पूरी संभावना है. हम सभी लेफ्ट संगठन मिलकर चुनाव लड़ेंगे.
वहीं एबीवीपी जेएनयू के इकाई अध्यक्ष मयंक पांचाल ने छात्रसंघ चुनाव के घोषित तारीखों पर कहा कि हम लोग चुनाव की तैयारी में लगे हुए हैं. इस बार छह महीने में ही दूसरी बार चुनाव हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि लेफ्ट को चुनाव में जिताने के बाद छह महीने का समय दिया जाए या 60 साल, कोई काम नहीं होता. एबीवीपी एक बार फिर स्टूडेंट के बीच उनके हितों के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है. हमने कैंपस में लगातार छात्र हितों की लड़ाई लड़ी है. उसी के आधार पर हम चुनाव में जाएंगे. बता दें कि पिछले चुनाव में एबीवीपी ने एक सीट जीती थी. इस बार फिर पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेंगे और प्रयास रहेगा की चारों सीट पर जीत दर्ज करें.


