जमशेदपुर: झारखंड के टाटा नगरी जमशेदपुर जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में बीते गुरूवार दिनदहाड़े हुई करोड़ों की सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस ने शनिवार को फरार एक आरोपी की तस्वीर जारी कर इसके बारे में सूचना देने वाले को दो लाख का इनाम देने का ऐलान किया है. एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 24 सितंबर को 5 अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था. इस दौरान वह बैंक से करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे.
इसे भी पढ़ें : उडुप्पी रेस्टोरेंट में फायरिंग की घटना ने खोली जमशेदपुर पुलिस की पोल : सरयू राय
जारी सूचना के अनुसार इस घटना को लेकर गोलमुरी थाने में कांड संख्या 103/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2)/311 एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच के आधार पर इस घटना में शामिल अपराधी का फोटो जारी किया है. एसएसपी ने घोषणा की है कि जो कोई भी व्यक्ति इस फरार अपराधी को गिरफ्तार कराएगा या ऐसी सटीक सूचना देगा जिससे उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके, उसे दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा.
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस फरार अपराधी के संबंध में कोई भी सुराग या जानकारी हो, तो वे सीधे वरीय पुलिस अधिकारियों से निम्नलिखित फोन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पूर्वी सिंहभूम: 9431706480, पुलिस अधीक्षक (नगर): 9471190203, पुलिस उपाधीक्षक (नगर): 9431706483 और थाना प्रभारी, गोलमुरी: 9431706494


