हैदराबाद : आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले सनराइजर्स हैदराबाद को लेकर बड़ी चर्चा यह है कि टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं और शुरुआती मैचों में उनकी उपलब्धता टीम को मिलने पर संशय बना हुआ है। ऐसे में वे समय पर फिट नहीं हो पाते हैं, तो भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी जा सकती है। हालांकि फ्रेंचाइजी ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
इधर ईशान का हालिया प्रदर्शन और नेतृत्व अनुभव के कारण वह टीम में मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। पिछले साल झारखंड की कप्तानी करते हुए 197.33 की स्ट्राइक रेट से 517 रन बनाकर उन्होंने पहली बार झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी दिलाया था तो वहीं इसी महीने संपन्न हुए टी 20 विश्व कप 2026 में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने न्यूजीलैंड सीरीज और टी 20 विश्व कप में कुल 532 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टीम कॉम्बिनेशन की बात करें तो ओपनिंग में अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी को बरकरार रखा जा सकता है, जो पहले ही टीम को तेज शुरुआत दिलाने में सफल रही है। ईशान खुद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए मिडिल ऑर्डर को मजबूती दे सकते हैं। हालांकि सबसे बड़ी चुनौती गेंदबाजी में नजर आती है। कमिंस की गैरमौजूदगी सिर्फ एक गेंदबाज की कमी नहीं, बल्कि एक रणनीतिक लीडर की अनुपस्थिति भी है।
ऐसे में अगर ईशान कप्तानी संभालते हैं, तो उनके लिए गेंदबाजों का सही इस्तेमाल और मैच के दौरान निर्णय लेना सबसे अहम कसौटी होगा। आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबले इस बात का संकेत देंगे कि क्या ईशान किशन इस नई जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार हैं, या सनराइजर्स हैदराबाद को अपने नियमित कप्तान की कमी खलेगी।


