खेल डेस्क : भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम की शुरुआत बेहद ख़राब रही. दक्षिण अफ़्रीका की पहली पारी में बनाए गए 489 रन के जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में अब तक 7 विकेट खो दिए हैं और स्कोर बोर्ड केवल 185 तक ही पहुंच पाया है. भारतीय टीम की ओर से यशस्वी जायसवाल के अलावा कोई भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया. जायसवाल ने 58 रनों की पारी खेली.
इसके अलावा भारतीय पारी में के एल राहुल 22, साई सुदर्शन ने 15, नीतीश रेड्डी ने केवल 10 रनों का योगदान दिया. वहीं कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे ऋषभ पंत 7 और रवींद्र जडेजा 6 रन बनाकर आउट हो गए. फिलहाल क्रीज पर वाशिंगटन सुदंर 40 और कुलदीप यादव 15 रनों पर खेल रहे हैं, दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए अब तक नाबाद 60 रनों की साझेदारी हो चुकी है. भारत अभी भी 304 रनों से पीछे है और उस पर फॉलोऑन का खतरा मंडराया हुआ है.
इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका की 489 रनों की पारी में सबसे अधिक सेनुरन मुथुसामी ने 109 रन बनाए, जबकि मार्को येनसन 93 रन बनाकर आउट हुए. वहीं गेंदबाज़ी में भारत के कुलदीप यादव ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट हासिल किए. जबकि जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और मो. सिराज ने 2-2 विकेट लिए. दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से पीछे है.


