डेस्क :आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब ज्यादा समय नहीं बचा है. आगामी टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी को होगी और इसका खिताबी मुकाबला 20 फरवरी को निर्धारित है. टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका की सहमेजबानी में खेला जाना है. भारतीय टीम डिफेंडिंग चैम्पियन है और वो टाइटल डिफेंड करने उतरेगी. टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा 20 दिसंबर (शनिवार) को की जाएगी. साथ ही इसी दिन न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी टीम का ऐलान होगा. टीम चुनने के लिए भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) की सीनियर मेन्स चयन समिति बोर्ड के मुंबई स्थित हेडक्वार्टर में बैठक करेगी.
सीनियर मेन्स समिति की बैठक के बाद बीसीसीआई मुख्यालय में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे होगी. टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लेंगे. टी20 वर्ल्ड कप में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका सामना संयुक्त राज्य अमेरिका (USA), नामीबिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान से होगा. टीम इंडिया अपने ग्रुप मैच चार अलग-अलग स्टेडियमों में खेलेगी.
इनमें वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई), अरुण जेटली स्टेडियम (दिल्ली), आर. प्रेमदासा स्टेडियम (कोलंबो) और नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद) शामिल हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ है. संजू सैमसन को बैकअप विकेटकीपर या ओपनर के तौर पर स्क्वॉड में जगह मिल सकती है. वहीं खराब फॉर्म के बावजूद शुभमन गिल भी टीम का हिस्सा बने रह सकते हैं.
वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए संभावित भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर.


