Monday, November 2, 2026

प्रयागराज में भारतीय वायु सेना का ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश, तीन जवानों ने पैराशूट से बचाई जान

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार दोपहर भारतीय वायु सेना का एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान अचानक क्रैश हो गया और शहर के बीचों-बीच स्थित एक तालाब में गिर गया। हादसा की जगह के आसपास स्कूल और रिहायशी कॉलोनियां हैं, ऐसे में एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, क्रैश होने से पहले उसमें सवार तीन लोगों ने पैराशूट के जरिए छलांग लगा दी। तीनों तालाब में गिरे और दलदल में फंस गए, लेकिन स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें बाहर निकाल लिया। तीनों जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं और वे वर्दी में थे।

प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद शाबिर के मुताबिक जब स्कूल में बच्चे प्रैक्टिकल परीक्षा दे रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा, “हमने आसमान में तेज लाल रंग का विमान देखा। कुछ ही देर में तीन पैराशूट खुल गए। इसके बाद जहाज सीधे तालाब में गिर गया। अब तक तीन लोगों को बाहर निकाला गया है।” स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर विमान रिहायशी इलाके या स्कूल परिसर में गिरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

रेस्क्यू में हुई दिक्कतें

हादसे के कुछ ही देर बाद भारतीय सेना का एक हेलिकॉप्टर भी मौके पर पहुंच गया। हालांकि, जिस तालाब में विमान गिरा है, वहां चारों ओर जलकुंभी फैली हुई है। दलदल और घनी जलकुंभी के कारण रेस्क्यू टीम को एयरक्राफ्ट तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एयरक्राफ्ट में तीन लोगों के अलावा कोई और सवार था या नहीं। प्रशासन और सेना की टीमें इस बात की पुष्टि में जुटी हैं।

फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गईं। इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सेना और प्रशासन की ओर से कहा गया है कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खराबी माना जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही सही वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल, राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और समय रहते जवानों ने पैराशूट के जरिए अपनी जान बचा ली।

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर