न्यूज डेस्क: पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में एक ग्राहक ने मात्र 5 रुपए के लिए दुकानदार के ऊपर फायरिंग कर दी. हालांकि इस दौरान दुकानदार को गोली नहीं लगी. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए ग्राहक को हिरासत में लिया और पूछताछ कर रही है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
Highlights:
मात्र 5 रुपए के लिए फायरिंग
जानकारी के अनुसार, सैफ नामक युवक शाहपुर में स्थित एनुल खली के दुकान पहुंचा. जहां सैफ ने दुकान से 1 चॉकलेट और 1 कोल्ड ड्रिंक खरीदी. जिसपर दुकानदार ने कहा कि चॉकलेट की कीमत 45 रुपए और कोल्ड ड्रिंक की कीमत 20 रुपए है. इस बात पर सैफ कहने लगा कि वह 40 रुपए में चॉकलेट लेता है. इस बात को लेकर दुकानदार और ग्राहक सैफ के बीच विवाद होने लगा.
इसे भी पढ़े: झारखंड के छात्रों को विदेश में पढ़ाई का मौका, सरकार ने छात्रवृत्ति योजना के लिए मांगे आवेदन
हथियार की तलाश जारी
अचानक यह विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राहक ने सीधे हथियार निकाला और दुकानदार पर फायरिंग कर दी. घटना में दुकानदार ने किसी तरह जान बचाई और मामले की जानकारी पुलिस को दी. जानकारी मिलने ही थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार की खोजबीन के लिए छापेमारी कर रही है.
थाना प्रभारी ने कहा
मामले को लेकर चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने कहा कि चॉकलेट की कीमत को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. इसी विवाद में फायरिंग की घटना हुई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले को लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. वहीं घटना की जानकारी मिलने ही बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग दुकान पर पहुंच गए.


