
खूंटी : जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरूवार देर शाम प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के उग्रवादियों ने रेलवे कंस्ट्रक्शन साइट को अपना निशाना बनाया, जब उग्रवादियों ने कुलहुट्टू गांव के पास रेलवे का काम कर रहे कंपनी के साइट पर हमला कर वहां मौजूद वाहनों को आग लगाने का प्रयास किया. इस दौरान उग्रवादियों ने संगठन का पर्चा फेंक कर घटना की जिम्मेदारी भी ली.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : लोहरदगा में ट्रेन के आगे कूदकर प्रेमी युगल ने दी जान, शवों की पहचान व कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
घटनास्थल से खोखे व पर्चा बरामद
इस घटना को लेकर मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि गुरुवार देर शाम आधे दर्जन हथियारबंद उग्रवादी कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचे और आते ही फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान उग्रवादियों ने मौके पर मौजूद कुछ वाहनों में आग लगाने की भी कोशिश की. बाद में उग्रवादी मौके पर पर्चा फेंक मजदूरों को बिना इजाजत के काम शुरू नहीं करने की धमकी देते हुए फरार हो गए. इस घटना के बाद वहां काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है.
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे और पर्चा बरामद किया। पर्चा में पीएलएफआई सुप्रीमो अमृत होरो के नाम पर धमकी लिखी गई है. पर्चा में लिखा गया है कि अनूप जी आप संगठन से बगैर वार्ता किए काम कर रहे हैं, इसलिए यह घटना घटी है, जब तक वार्ता नहीं होगी तब तक काम बंद रहेगा.
इधर इस घटना को लेकर जिले के एसपी ऋषभ गर्ग का कहना है कि ‘कंस्ट्रक्शन साइट पर हमला करने वाले अपराधियों की पहचान की जा रही है साथ ही उन्हें पकड़ने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है, जल्द ही वे पकड़े जाएंगे.