जमशेदपुर: जिले के आजाद नगर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे इलाके के अभिभावकों की नींद उड़ा दी है। कुली रोड पर तीन बेखौफ बदमाशों ने एक मासूम बच्चे को अगवा करने कि कोशिश की। हालांकि, बच्चे की बहादुरी और सूझबूझ ने बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
Highlights:
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात कुली रोड पर रोज की तरह चहल-पहल थी। इसी बीच एक स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। सड़क किनारे खड़े एक बच्चे को अकेला देख बदमाशों ने उसे अपना निशाना बनाने की सोची। चश्मदीदों के मुताबिक, युवकों ने पहले रेकी की और फिर अचानक बच्चे को जबरन उठाकर स्कूटी पर बिठाने का प्रयास करने लगे। जैसे ही बदमाशों ने बच्चे को पकड़ने की कोशिश की, मासूम जरा भी नहीं घबराया। उसने पूरी ताकत लगाकर शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। भीड़ को अपनी ओर आता देख किडनैपर घबरा गए और बच्चे को वहीं छोड़कर स्कूटी से रफूचक्कर हो गए।
स्थानीय निवासीयों के अनुसार यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह तीन युवक स्कूटी से आते हैं, रुकते हैं और वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों के चेहरे और स्कूटी का हुलिया आंशिक रूप से स्पष्ट है, जो पुलिस के लिए बड़ा सुराग साबित हो सकता है।
इस घटना के बाद कुली रोड और आसपास के इलाकों में डर का माहौल है। लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी लिखित शिकायत दी है। जिसके बाद आजाद नगर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

