रांची : राज्य में लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष, मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त सहित अन्य संवैधानिक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि इस मामले में सरकार द्वारा आवश्यक निर्देश लिए जा रहे हैं.
इसके बाद कोर्ट ने इस जनहित याचिका पर अगली सुनवाई के लिए मंगलवार की तारीख तय की है और मामले को पहले नंबर पर सूचीबद्ध किया है. इस मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में हुई, जहां प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता अभय मिश्रा ने पक्ष रखा.


