पटना : बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चल रही अटकलों को ख़ारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही पद पर बने रहेंगे. बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “हर पार्टी की अपनी प्रक्रिया होती है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) भी बिहार के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर बैठकें करेगा.”
Highlights:
एनडीए तय करेगा नया नेता

दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फ़ेयर (आईआईटीएफ़) में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “पता नहीं यह क्यों भ्रम है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़े. आगे भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे, लेकिन उसकी प्रक्रिया है.” उन्होंने बताया कि बीजेपी और जेडीयू की अलग-अलग विधायक दल की बैठकें होंगी, जिसके बाद एनडीए की संयुक्त बैठक होगी. उन्होंने कहा, “एनडीए की बैठक में सभी मिलकर नेता तय करेंगे. और मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे.”
20 को होगा शपथ ग्रहण
इससे पहले बीजेपी नेता और गया टाउन से चुनाव जीते प्रेम कुमार ने मंगलवार सुबह कहा था, “बिहार में नई सरकार बनने जा रही है. 20 तारीख़ को शपथ ग्रहण होगा. 19 तारीख़ को बिहार विधानसभा भंग की जाएगी. पटना के गांधी मैदान में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह होगा.”
जीतनराम मांझी ने किया दावा

इस बीच केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतनराम मांझी ने कहा है कि एनडीए में मंत्री पद के बंटवारे पर सहमति बन गई है और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे. समाचार एजेंसी पीटीआई से जीतनराम मांझी ने कहा, “सबकुछ तय हो चुका है. आपस में बातचीत हुई है. बीजेपी को 89 सीटें आई हैं और जेडीयू को 84 (85), इसी अनुपात में मंत्री पद भी बांटा गया है. नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री होंगे.”
उन्होंने कहा कि सरकार बनाने को लेकर एनडीए की संयुक्त बैठक संभवतः 19 नवंबर को होगी. इसी बैठक में एनडीए का नेता चुना जाएगा. जीतनराम मांझी ने बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए समय दे रखा है.
बीजेपी के पर्यवेक्षक नियुक्त

वहीं बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने राज्य में विधायक दल के नेता के चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं. समाचार एजेंसियों के अनुसार, बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने एक बयान जारी कर बिहार में पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. बयान के अनुसार, केंद्रीय क़ानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सह केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है.


