झारखंड : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। अब तक मिले रुझानों में झामुमो (JMM) उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। तीसरे राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है और तीनों राउंड में सोमेश चंद्र सोरेन ही आगे रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन दूसरे स्थान पर हैं, जबकि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKAM) के उम्मीदवार रामदास मुर्मू तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।
Highlights:
राउंडवार स्थिति
राउंड 1: झामुमो के सोमेश सोरेन आगे, JLKAM के रामदास मुर्मू और भाजपा के बाबूलाल सोरेन पीछे
राउंड 2: सोमेश सोरेन आगे, भाजपा के बाबूलाल सोरेन दूसरे, रामदास मुर्मू तीसरे
राउंड 3: सोमेश सोरेन आगे, बाबूलाल सोरेन दूसरे, रामदास मुर्मू तीसरे
जमशेदपुर के को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में 15 टेबल लगाए गए हैं। कुल 20 राउंड की गिनती होगी और दोपहर बाद नतीजे आने की संभावना है। हर टेबल पर एक पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात है। दोनों प्रमुख दलों भाजपा और झामुमो ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है।
सीट खाली होने की वजह और मतदान
यह उपचुनाव जेएमएम के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के शिक्षा मंत्री रहे रामदास सोरेन के निधन के बाद कराया गया है। मतदान 11 नवंबर को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। शाम 5 बजे तक 74.63% मतदान दर्ज किया गया। इतनी बड़ी वोटिंग के बाद मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है।
रोमांचक मुकाबला
यह उपचुनाव बेहद दिलचस्प बन गया है क्योंकि मुकाबला दो बड़े राजनीतिक परिवारों के बीच है। झामुमो से दिवंगत विधायक रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन। भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन। यह मुकाबला सिर्फ दो प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगा हुआ चुनाव माना जा रहा है। झामुमो उम्मीदवार के समर्थन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद चुनाव प्रचार किया। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में 5 पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के मुख्यमंत्री तक मैदान में उतरे।
Also Read : बिहार चुनाव 2025: एनडीए को बड़ी बढ़त, रुझानों में जेडीयू सबसे बड़ी पार्टी; कई बड़े चेहरे पीछे
घाटशिला सीट का चुनावी इतिहास
2005: कांग्रेस के प्रदीप कुमार बलमुचू जीते
2009: जेएमएम के रामदास सोरेन विजेता
2014: भाजपा के लक्ष्मण टुडू विजेता
2019: जेएमएम के रामदास सोरेन फिर जीते
2024: जेएमएम के रामदास सोरेन ने जीत दर्ज की, भाजपा के बाबूलाल सोरेन दूसरे रहे
अब इस उपचुनाव में तीन राउंड तक झामुमो की बढ़त कायम है और आगे की गिनती से साफ होगा कि इस सीट पर फिर से झामुमो का कब्जा होगा या भाजपा पलटवार करेगी।


