झारखंड : देवघर पुलिस ने डकैती की घटना में शामिल पांच अपराधियों को शनिवार को गिरफ्तार किया. पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की. अपराधियों के पास से लूटे गये हथियार, वाहन और रूपये भी बरामद हुए हैं. गिरफ्तार अपराधियों में विक्रम कुमार ठाकुर, सुल्तान अंसारी, रहमत अंसारी, रिजवान अंसारी और मो सुल्तान उर्फ रॉकी शामिल हैं. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था.
Highlights:
इस संबंध में एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि एसपी सौरभ कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही थी. अपराधियों के पास से दो पीस देशी पिस्तौल मैगजीन सहित, 7.65 एमएम का आठ जिन्दा गोली, एक पीस लोडेड देशी कट्टा, घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो और घटना में लूटे गये 15 लाख रूपये शामिल हैं. बता दें कि 10-12 अपराधियों ने 16 अक्टूबर की रात को मधुपुर थाना अन्तर्गत ग्राम मिसरना में डकैती की घटना को अंजाम दिया था.
छिनतई की घटना में शामिल तीन बदमाश अरेस्ट
देवघर पुलिस ने बाइक छिनतई मामले में भी शनिवार को तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अपराधियों में विक्रम दास, चन्द्रशेखर यादव और विकास दास शामिल हैं. इनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया दो बाइक और चोरी का एक बाइक बरामद किया गया है. इस संबंध में एसपी सौरभ कुमार ने बताया कि गत 22 अक्टूबर को 9.30 बजे रात्रि को डकाय जंगल के पास एक छिनतई की घटना घटी थी.
एसपी के अनुसार मामले को दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने अंजाम दिया था. अपराधकर्मियों ने एक बाइक की छिनतई की थी. इस संबंध मे 23 अक्टूबर को छह अज्ञात अपराधियों के खिलाफ सारवां थाना में मामला दर्ज कराया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सारवां के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया साथ ही चोरी की बाइक और दो अन्य बाइक बरामद की गयी. इस मामले में अन्य अपराधियों की तलाश जारी है.


