खूंटी : झारखंड ट्रेजरी घोटाले की आंच अब खूंटी जिले तक पहुंच गई है। जिले के एसआईआरबी-2, सारिदकेल (तोरपा) में वेतन एवं यात्रा मद से 22 लाख 67 हजार 657 रुपये की अवैध निकासी के मामले में गुरुवार को खूंटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। जिला कोषागार पदाधिकारी शिव कुमार के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में एसआईआरबी-2 के अकाउंटेंट अजीत कुमार सिंह तथा शुभम को आरोपी बनाया गया है।
Highlights:
28 बार राशि की अवैध निकासी
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि आरोपी अकाउंटेंट अजीत कुमार सिंह ने वर्ष 2019 से 2021 के बीच 28 बार अवैध रूप से राशि की निकासी की। उन्होंने बताया कि बोकारो समेत अन्य जिलों में ट्रेजरी घोटाले का मामला सामने आने के बाद आरोपी ने 23 अप्रैल को छुट्टी का आवेदन दिया और तब से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
डीसी ने बनाई जांच कमिटी
एसपी ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है। बता दें कि घोटाले के उजागर होने के बाद उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति में एसी परमेश्वर मुंडा, कोषागार पदाधिकारी शिव कुमार तथा कार्यपालक दंडाधिकारी विपिनचंद्र विश्वास को शामिल किया गया था। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर खूंटी थाना में मामला दर्ज कराया गया।


