पश्चिमी सिंहभूम: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्थित सारंडा जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ छोटानागरा थाना क्षेत्र के घने और दुर्गम जंगलों में हुई। सुरक्षाबलों को इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी को लेकर पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
Highlights:
संयुक्त बलों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम को सारंडा के जंगलों में उतारा गया। जैसे ही सुरक्षाबल नक्सलियों के करीब पहुंचे, खुद को घिरा देख नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों की फायरिंग के जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी होती रही। जंगल और पहाड़ी इलाका होने के कारण ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना रहा, लेकिन सुरक्षाबलों ने रणनीतिक तरीके से इलाके को घेरकर दबाव बनाए रखा।
कई नक्सली ढेर, कुछ फरार
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में कई नक्सली मारे गए हैं। वहीं, दबाव बढ़ता देख कुछ नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। मुठभेड़ के बाद सारंडा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त बलों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। सुरक्षाबल फरार नक्सलियों की तलाश में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि ऑपरेशन पूरी तरह खत्म होने के बाद ही मारे गए नक्सलियों की संख्या और बरामद हथियारों को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।


