बिहार: पटना में बड़े फास्ट फूड रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है. शनिवार को विभाग की टीम ने Domino’s Patna के दो आउटलेट और McDonald’s के एक आउटलेट की जांच की. जांच के दौरान दोनों जगह कई गड़बड़ियां मिलीं. सबसे बड़ी कार्रवाई डोमिनोज पर हुई, जहां करीब 160 खराब Pizza Screen मिलीं. अधिकारियों ने इन्हें लोगों के इस्तेमाल के लिए सही नहीं माना और मौके पर ही नष्ट कर दिया.
Highlights:
इसके बाद दोनों कंपनियों को नोटिस भी दिया गया. यह कार्रवाई खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर की गई. टीम ने देखा कि रेस्टोरेंट में साफ-सफाई कैसी है, खाने की चीजें सही तरीके से रखी गई हैं या नहीं, फ्रीजर ठीक चल रहा है या नहीं और कीड़ों से बचाव का इंतजाम सही है या नहीं. Domino’s Patna की जांच में कई ऐसी बातें सामने आईं, जिन्हें जल्द ठीक करने को कहा गया.
इसे भी पढ़े: मुंबई में Domino’s की बड़ी लापरवाही, FDA ने 3 आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड किए
Domino’s Patna के दोनों आउटलेट में मिला
टीम सबसे पहले कदमकुआं के एम्बिशन ओझा प्लाजा और कंकड़बाग के लोहिया नगर स्थित Domino’s Patna आउटलेट पहुंची. यहां जांच के दौरान लोहिया नगर वाले आउटलेट में करीब 110 खराब Pizza Screen मिलीं. वहीं कदमकुआं वाले आउटलेट में करीब 50 Pizza Screen मिलीं. सभी Pizza Screen को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इसके बाद टीम ने रेस्टोरेंट के दूसरे हिस्सों की भी जांच की. ड्रेनेज ठीक नहीं था. कटिंग बोर्ड और सामान रखने वाले रैक साफ नहीं थे. फ्रीजर का तापमान लिखा हुआ रिकॉर्ड भी नहीं मिला.
स्टोर में रखा कच्चा सामान कब आया और कितना रखा है, इसका पूरा रिकॉर्ड भी नहीं था. टीम ने कुछ जगह पानी जमा भी देखा. ग्राहकों के लिए रखी गई सॉस की बोतलें भी साफ नहीं थीं. कीड़ों से बचाव का रिकॉर्ड भी पूरा नहीं था. इसके बाद अधिकारियों ने Domino’s Patna के दोनों आउटलेट को सभी गड़बड़ियां जल्दी ठीक करने के लिए कहा. साथ ही वेज और नॉनवेज खाने का सामान अलग-अलग रखने और हर जरूरी रिकॉर्ड समय पर अपडेट करने की हिदायत भी दी.
McDonald’s में क्या-क्या गड़बड़ियां मिलीं
इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ईस्ट गांधी मैदान स्थित McDonald’s फैमिली रेस्टोरेंट पहुंची. यहां स्टोर की सफाई ठीक मिली और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट भी मौजूद थे. लेकिन जांच में कुछ कमियां यहां भी सामने आईं. टीम ने देखा कि कूड़ेदान खुला रखा गया था. मुख्य दरवाजे पर कीड़ों को रोकने के लिए जरूरी डोरमैट नहीं था. मेन्यू कार्ड पर यह भी नहीं लिखा गया था कि किस खाने से किसी को एलर्जी हो सकती है.
इसके अलावा मस्टर्ड सॉस का सैंपल भी लिया गया, जिसे जांच के लिए भेजा गया है. McDonald’s को सात दिनों के अंदर ये गड़बड़ियां ठीक करने के लिए कहा गया है. साथ ही कूड़ेदान हमेशा ढककर रखने और कीड़ों से बचाव का सही इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.
Domino’s Patna और McDonald’s को मिला 14 दिनों का समय
खाद्य विभाग ने Domino’s Patna और McDonald’s दोनों को 14 दिनों का नोटिस दिया है. दोनों कंपनियों से कहा गया है कि तय समय के अंदर सभी गड़बड़ियां ठीक करें और उसका सबूत विभाग को दें. अगर ऐसा नहीं किया गया, तो नियम के अनुसार उनका लाइसेंस कुछ समय के लिए बंद किया जा सकता है या रद्द भी किया जा सकता है.
खाद्य विभाग का कहना है कि लोगों तक साफ और सुरक्षित खाना पहुंचना सबसे जरूरी है. इसी वजह से आने वाले दिनों में शहर के दूसरे होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड आउटलेट की भी जांच होगी. Domino’s Patna पर हुई इस कार्रवाई से साफ है कि अब खाने की चीजों और साफ-सफाई को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विभाग चाहता है कि लोगों को हर जगह साफ, सुरक्षित और भरोसेमंद खाना मिले.

