नई दिल्ली: 16 अक्तूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में स्थित सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी कर दी गई है. साथ ही नई दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) ने सेंट्रल दिल्ली के इस पॉपुलर पार्क को दो दिनों के लिए बंद कर दिया है.
इसे भी पढ़ें : ओड़िशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम 18 अक्टूबर को संभालेंगे पद, भाजपा के सभी पदों से दिया इस्तीफ़ा
गुरुवार को दिल्ली की डीसीपी पीआरओ नेहा यादव ने कहा, “16 अक्तूबर 2026 को सीजेपी ने सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए आम लोगों से अपील की कि वे शाम 5 बजे राष्ट्रीय तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जुटें. आम आदमी पार्टी ने भी अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है. मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस और उसके आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा पहले से लागू है.”
डीसीपी ने बताया कि एनडीएमसी ने दिल्ली पुलिस को एक आधिकारिक पत्र के जरिए सूचित किया है कि प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्तूबर को बंद रहेगा. डीसीपी नेहा यादव ने कहा कि कनॉट प्लेस और उसके आसपास के कई व्यापारिक और मार्केट संगठनों ने अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों को उपद्रवी तत्वों और गैरक़ानूनी जमावड़े से बचाने के लिए सुरक्षा की मांग की है.
उन्होंने लोगों से इस जमावड़े में शामिल न होने की अपील की है और क़ानूनी कार्रवाई का सामना करने की चेतावनी दी है. हालांकि, उन्होंने कहा, “दिल्ली पुलिस राष्ट्रीय ध्वज लेकर राष्ट्रगान गाने के उद्देश्य से कुछ चुनिंदा लोगों को किसी उचित जगह पर इकट्ठा होने की अनुमति देने के लिए इंतज़ाम करने पर विचार कर सकती है.”

