रांची/नई दिल्ली: आज से नई दिल्ली में शुरू हुए दो दिवसीय वीर रंग प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। रांची के स्कूली बच्चों द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर बनाए गए पेंटिंग की इस प्रदर्शनी का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री टोखन साहू, झारखंड भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश मौजूद रहे।
Highlights:
इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी का अवलोकन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ सांसद जगदंबिका पाल, भारत सरकार के रक्षा सचिव राजेश सिंह, रांची के विधायक सीपी सिंह ने भी किया। यह प्रदर्शनी ऑपरेशन सिंदूर पर भारत सैन्य बलों की वीरगाथा पर आधारित है। रांची के 50 स्कूल के 20235 बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी पेंटिंग बनाई।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम को हमारे बच्चों ने बहुत ही भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया है। यह प्रदर्शनी देश की रक्षा के प्रतिबद्ध सैनिकों के प्रति हमारे सामूहिक सम्मान और वीरों को समर्पित हैl माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी ने रांची के बच्चों के द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए, अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ के इस कार्य की सरहना करते हुए कहा संजय सेठ के द्वारा यह एक अद्भुत कार्य किए गए हैं इससे बच्चों को मोटिवेशन मिलेगा। इस प्रकार के कार्य के लिए उन्होंने श्री संजय सेठ को बधाई दी। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमारी सेना ने अपने पराक्रम के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा। इस ऑपरेशन से आतंकवाद की कमर तोड़ दी गई थी। हर तरफ उत्सव का माहौल था। तभी मेरे मन में यह विचार आया कि हमारी नई पीढ़ी, जिसे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी अमृत पीढ़ी कहते हैं; वह इस बारे में क्या सोचती है!
माननीय प्रधानमंत्री की ही प्रेरणा और माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में रांची में सांसद कला महोत्सव का आयोजन किया। 50 से अधिक स्कूलों से संपर्क किया गया। मुझे खुशी है कि बड़ी तादाद में विद्यालयों के आग्रह आने लगे। उसका सुखद परिणाम हुआ कि 20 हजार से अधिक पेंटिंग्स बच्चों ने बनाई। बच्चों की पेंटिंग्स की राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शनी हो, यह बात मेरे मन में थी। अंततः आज इसमें सफलता मिली। नई दिल्ली में दो दिवसीय वीर रंग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसे देशभर के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद भी मिला। यह मेरी एक अनूठी पहल रही, जिस देश भर से सराहना मिली। उन बच्चों को साधुवाद और ढेर सारा स्नेह, जिन्होंने इस कार्निवल को सफल बनाया।
इन्होंने भी किया प्रदर्शनी का अवलोकन
आज पहले दिन प्रदर्शनी में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं असम से राज्यसभा सांसद कामाख्या प्रसाद ताशा, सिक्किम के सांसद इंद्र हांग सुब्बा, तेलंगाना के सांसद रघुनंदन राव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार, गुरुद्वारा रकाबगंज के पूर्व अध्यक्ष कुलविंदर सिंह, वरिष्ठ कलाकार पद्मश्री अद्वैत गणनायक, एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के वायु सेना उपाध्यक्ष (वीसीएएस), एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, एवीएसएम, वीएम, वीएसएम, चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (सीआईएससी), पूर्व सांसद यदुनाथ पाण्डेय ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।


