रांची: रांची के राहे थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक का गला कटा शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना पारमडीह टुंगरीटोला गांव के समीप जारागोड़ा स्थित एक चट्टान के पास की है। स्थानीय लोगों ने चट्टान के पास शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राहे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें: जेपीएससी परीक्षा धांधली मामले में हेमंत सरकार छात्रों से करेगी बात, मांगों पर विचार करने के लिए बनेगी उच्चस्तरीय कमेटी
प्रारंभिक जांच में युवक की गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।


