नई दिल्ली: वामपंथी दलों ने वेनेज़ुएला में अमेरिकी हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को ‘पकड़ने’ की कार्रवाई की निंदा की है. सीपीआई(एम) ने एक्स पर एक बयान जारी कर लिखा, “लेफ़्ट पार्टियां अमेरिकी आक्रामकता के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन का आह्वान करती हैं.” ये बयान सीपीआई (एम), सीपीआई, सीपीआई (एमएल)- लिबरेशन, आरएसपी (रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी), एआईएफ़बी (ऑल इंडिया फ़ॉर्वर्ड ब्लॉक) की ओर से जारी किया गया है.
Highlights:
इसमें कहा गया है, “हम वेनेज़ुएला के ख़िलाफ़ अमेरिकी आक्रामकता और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ़्लोरेस के अपहरण की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन करते हुए एक संप्रभु राष्ट्र पर किया गया हमला है.” बयान में कहा गया, “हम लेफ़्ट पार्टियां अमेरिकी आक्रामकता के ख़िलाफ़ और लैटिन अमेरिका के लोगों के साथ एकजुटता में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों का आह्वान करते हैं. भारत सरकार को चाहिए कि वह दुनिया भर के उन देशों को समर्थन दे, जो अमेरिकी आक्रामकता की निंदा कर रहे हैं और वेनेज़ुएला के साथ मज़बूती से खड़े हों.”
कांग्रेस ने कहा
इधर कांग्रेस पार्टी ने वेनेज़ुएला में अमेरिका की कार्रवाइयों पर चिंता जाहिर की है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पिछले 24 घंटों में वेनेज़ुएला को लेकर अमेरिका की कार्रवाइयों पर अत्यंत गंभीर चिंता व्यक्त करती है. अंतरराष्ट्रीय क़ानून के स्थापित सिद्धांतों का एकतरफ़ा उल्लंघन नहीं किया जा सकता.”
भारतीय विदेश मंत्रालय का बयान
इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, “वेनेज़ुएला में हालिया घटनाक्रम गहरी चिंता का विषय हैं. हम वहां की बदलती स्थिति पर क़रीबी नज़र रखे हुए हैं.” बयान में कहा गया, “भारत वेनेज़ुएला के लोगों की सुरक्षा और उनकी भलाई के लिए अपने समर्थन को फिर से दोहराता है. हम सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हैं कि मुद्दों का समाधान बातचीत के ज़रिए और शांतिपूर्ण तरीक़े से किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे.”
“काराकास स्थित भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराता रहेगा.” इससे पहले भारत ने शनिवार रात अपने नागरिकों को वेनेज़ुएला की यात्रा को लेकर एक एडवाइज़री जारी की है. भारत सरकार ने लोगों से कहा था कि वे वेनेज़ुएला की सभी गै़र-ज़रूरी यात्राओं से बचें.
अमेरिका ने शनिवार तड़के वेनेज़ुएला के कई स्थानों पर हमला किया और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी सीलिया फ़्लोरेस के साथ पकड़ लिया. निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क ले जाया गया है. उन्हें ड्रग्स और हथियारों से जुड़े आरोपों में सोमवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है.


