कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कोलकाता में कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘न्याय पत्र’ (घोषणापत्र) जारी किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव व पश्चिम बंगाल की सह प्रभारी और बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद भी मौजूद रही। न्याय पत्र घोषणा के उपरांत अंबा प्रसाद ने कहा कि इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने से गर्व की अनुभूति हुई है। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव जयराम रमेश, प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार समेत कई नेता मौजूद रहे।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : इंदौर नगर निगम की बैठक में हंगामा, वंदे मातरम विवाद से बाधित हुई बजट चर्चा
सह प्रभारी अंबा प्रसाद ने कहा
अंबा प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस का यह ‘न्याय पत्र’ राज्य के हर वर्ग-युवा, महिला, किसान, श्रमिक एवं वंचित समाज-को न्याय और सम्मान देने की दिशा में एक मजबूत संकल्प है। हमारी पार्टी की प्रतिबद्धता है कि हम पश्चिम बंगाल की जनता को एक सशक्त, न्यायपूर्ण और विकासशील विकल्प दें। कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी बात रखेगी और उनके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगी।
2000 रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा
कांग्रेस ने महिलाओं को 2000 रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम बहुत दिनों के बाद बंगाल में सभी सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। यहां के लोगों को एक नया विकल्प देने की कोशिश कर रहे हैं। हमारा घोषणा पत्र ‘जनता के लिए राहत’ और ‘बंगाल के विकास’ को ध्यान में रखकर बनाया गया है। महिलाओं को 2000 रुपए महीना, किसानों को 15000 रुपए सालाना, 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा, युवाओं के लिए रोजगार, हर जिले में एआई सेंटर की योजना है।
वहीं पार्टी के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि पार्टी ने बंगाल की जनता को ध्यान में रखकर घोषणा पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र किसी किताब की नकल नहीं है और न ही पिछले घोषणा पत्र की पुरानी बातों को ही नए रूप में पेश नहीं किया है। बल्कि इस नई जानकारी के आधार पर आज के दौर के हिसाब से पश्चिम बंगाल के युवा, बुजुर्ग, भाई-बहन, व्यापारी और मजदूर के मन में क्या था? उसे देखते हुए घोषणा पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि हमने उन सभी बातों को पांच गारंटियों में संक्षेप में पेश किया है।


