रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने और झारखंड स्थापना की रजत जयंती के पावन अवसर पर “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत राज्य सरकार 28 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में भव्य समारोह आयोजित करने जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के हजारों पदों के लिए नियुक्ति पत्र बांटेंगे इसके अलावा परिसंपत्ति का भी वितरण करेंगे।
तैयारियों को लेकर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने विस्तृत दिशानिर्देश जारी कर सभी विभागों को वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। सरकार की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता, 2023 के माध्यम से झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा अनुशंसित 197 असैनिक अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए विभागवार अधिकारियों और सहायक कर्मियों की टीम गठित की गई है, जो काउंटरवार वितरण कार्य का संचालन करेंगी।
कार्यक्रम के लिए कुल चार काउंटर बनाए गए हैं और प्रत्येक पर प्रभारी अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सुबह 8 बजे तक स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। मंच से निर्देश मिलते ही अभ्यर्थियों को क्रमवार बुलाया जाएगा और विभागवार नियुक्ति पत्र व परिसंपत्तियाँ वितरित की जाएँगी। राज्य सरकार ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।


