पटना: बिहार के जहानाबाद में NEET छात्रा की रेप और मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। रविवार सुबह CBI की टीम छात्रा के घर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। इससे पहले टीम ने हॉस्टल में भी लंबी जांच कर कई अहम सबूत जुटाए हैं। CBI के करीब 20 अधिकारी रविवार सुबह लगभग 8 बजे छात्रा के घर पहुंचे। टीम ने परिजनों से घटना से जुड़े सवाल पूछे। छात्रा की दिनचर्या, दोस्तों और आखिरी बार बातचीत के बारे में जानकारी ली जा सकती है। जांच टीम यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई थी।
Highlights:
शंभू गर्ल्स हॉस्टल में 3.5 घंटे चली जांच
शनिवार को CBI टीम शंभू गर्ल्स हॉस्टल पहुंची और करीब साढ़े तीन घंटे तक जांच की। जांच के दौरान टीम ने छात्रा के कमरे की पूरी तलाशी ली है। किताब-कॉपी, कपड़े, दरवाजे-खिड़की और फर्श से सैंपल लिए। कमरे के हर कोने को खंगाला। करीब 5 बोरी दस्तावेज जब्त किए गए, जिनमें हॉस्टल रिकॉर्ड और अन्य कागजात शामिल हैं।
SIT से भी पूछे गए सवाल
CBI ने मौके पर मौजूद SIT टीम से भी पूछताछ की। घटना वाले दिन हॉस्टल में कौन-कौन था? जांच में कहां-कहां चूक हुई? CCTV वीडियो कहां है, जिसमें छात्रा को ले जाने की बात सामने आई? इन सवालों के जवाब जुटाए जा रहे हैं। SIT से मिले मोबाइल, चार्जर और लैपटॉप को डिजिटल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में शामिल होंगे कॉल लॉग, चैट और डिलीटेड डेटा, लोकेशन हिस्ट्री और इंटरनेट सर्च रिकॉर्ड। इन सभी को CCTV टाइमलाइन से मिलाया जाएगा।
छात्रा के कपड़ों और सामान की जांच
CBI ने छात्रा के बैग, कपड़े, जूते और अन्य निजी सामान को सील किया है। कपड़ों से दोबारा DNA टेस्ट और केमिकल एनालिसिस हो सकता है। यह भी जांच होगी कि 5 जनवरी को हॉस्टल लौटते समय छात्रा ने जो कपड़े पहने थे, वही मिले या बदले गए। CBI की जांच अभी जारी है। परिजनों और हॉस्टल स्टाफ से और पूछताछ हो सकती है। डिजिटल और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद कई अहम खुलासे संभव हैं। इस मामले पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई है और परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद है।


