मनोरंजन : कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा और उनके शो द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा के प्रोड्यूसर के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन मामले में केस दर्ज हुआ है। ये केस कॉपीराइट सोसाइटी फोनोग्राफिक परफॉर्मेंस लिमिटेड यानी पीपीएल की तरफ से बॉम्बे हाईकोर्ट में किया गया है। केस में कपिल शर्मा के साथ प्रोडक्शन कंपनियों K9 फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और बीइंगयू स्टूडियोज प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बताया गया है। सोसाइटी ने कोर्ट से शो में कॉपीराइट वाली साउंड की रिकॉर्डिंग के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है।
इस मामले को 24 दिसंबर को जस्टिस शर्मिला यू देशमुख की सिंगल जज बेंच के सामने लिस्ट किया गया था । कोर्ट ने शो के मेकर्स से जवाब भी मांगा है, जिसके लिए उन्हें दो हफ्ते का समय दिया गया है। बता दें कि पीपीएल द्वारा 12 दिसंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में कपिल शर्मा के शो के खिलाफ कमर्शियल याचिका दायर की गई थी। कॉपीराइट नियमों का उल्लंघन का आरोप लगाते हुए याचिका में साफ कहा गया था कि कपिल के शो के तीसरे सीजन में जून से सितंबर के बीच 3 लाइसेंसी गानों का इस्तेमाल बिना इजाजत किया गया था।
आरोप में हुआ इन गानों का बिना इजाजत इस्तेमाल, जिसमें पहला गाना एम बोले तो फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस का है, दूसरा गाना रामा रे, फिल्म कांटे का और तीसरा गाना सुबह होने न दे, फिल्म देसी बॉय्ज का है।
इन गानों का कॉपीराइट पीपील इंडिया के पास है। बिना इजाजत इन गानों का इस्तेमाल कमर्शियल तौर पर करना कॉपीराइट कानून का उल्लंघन करना है। इन गानों का इस्तेमाल सिर्फ लाइसेंस होल्डर ही कर सकते हैं।
पीपीएल ने याचिका में मांग की है कि जल्द से जल्द कॉपीराइट वाले गानों का बिना लाइसेंस इस्तेमाल होने पर जल्द से जल्द रोक लगाई जाए। इसके गैरकानूनी इस्तेमाल से हुई कमाई का खुलासा किया जाए और उल्लंघन से जुड़ी सामग्री जब्त की जाए। बीते दिनों यानी 12 दिसंबर को याचिका दायर करने से पहले नवंबर की शुरुआत में पीपीएल इंडिया ने नेटफ्लिक्स और कपिल शर्मा शो के मेकर्स को एक सीज एंड डिसिस्ट नोटिस जारी किया था, लेकिन उन्हें महज टालने वाले जवाब ही मिलें और साउंड रिकॉर्डिंग को अब भी एपिसोड्स में लगातार दिखाया जा रहा है।
याचिका में ये भी कहा गया है कि द कपिल शर्मा शो के मेकर्स और नेटफ्लिक्स दोनों ने ही इसके लिए किसी तरह की कोई इजाजत नहीं ली है। यह दावा किया है कि शो को सबसे पहले लाइव ऑडियंस के सामने रिकॉर्ड किया जाता है, जिस समय गाने तो साफ तौर पर सुनाई भी नहीं देते हैं। इसके बाद ही इन एपिसोड को एडिट कर नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाता है।


