झारखंड में 9 सालों से लंबित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) लेने की मांग को लेकर सोमवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों ने विधानसभा का घेराव किया. राज्य के विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने पुराने विधानसभा से नए विधानसभा तक पैदल मार्च निकालकर अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.
Highlights:
अभ्यर्थियों ने क्या कहा?
अभ्यर्थियों का कहना है कि झारखंड गठन के 26 वर्ष हो गए हैं. लेकिन राज्य में जेटेट परीक्षा नियमित रूप से आयोजित नहीं की जा रही है. जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
अभ्यर्थियों का यह भी कहना है कि राज्य के कई युवा पिछले 7 से 9 सालों से जेटेट परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं. B.ed, डीएलएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद भी परीक्षा नहीं होने के कारण वे शिक्षक बनने का अवसर नहीं पा रहे हैं.
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले साल के मानसून सत्र के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार के पास ज्ञापन सौंपा था और जल्द परीक्षा लेने के लिए आग्रह भी किया था. उस दौरान सरकार ने एक महीने का आश्वासन दिया था कि एक महीने के भीतर परीक्षा आयोजित करा ली जाएगा.
हाईकोर्ट ने भी परीक्षा कराने को लेकर दिया है आदेश
यहां तक की जेटेट परीक्षा आयोजित कराने को लेकर हाईकोर्ट ने भी सरकार को निर्देश दे रखा है कि 31 मार्च तक परीक्षा ले ली जाए. लेकिन महज 15 दिन ही बचे हैं अभी तक न तो नियमावली बन सकी है न ही परीक्षा आयोजित कराने को लेकर किसी तरह की डेटशिट जारी की गई. लिहाजा आज हजारों अभ्यर्थी पैदल मार्च करते हुए विधानसभा का घेराव करने पहुंचे.


