मनोरंजन : प्रसिद्ध फिल्म निर्माता, लेखक और निर्देशक जेपी दत्ता की बॉर्डर उन फिल्मों में आती है, जिन्हें दर्शकों ने खूब प्यार दिया। अब पूरे 28 सालों के बाद एक बार फिर से बड़े पर्दे पर वही जोश और वही जज्बा दिखाई देने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार 23 जनवरी 2026 को फिल्म बॉर्डर 2 रिलीज होने जा रही है। बॉर्डर 2 को लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बॉर्डर 2 की बात करें तो फिल्म में एक बार फिर से 1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए ऐतिहासिक युद्ध की गाथा को दर्शाया जाएगा।
Highlights:
“घर कब आओगे” रिलीज
पिछले दिनों फिल्म के टीजर को रिलीज होने के बाद अब फिल्म का पहला गाना भी रिलीज कर दिया गया है। इस गाने का नाम है “घर कब आओगे”। ये वही गाना है जो आज भी हर किसी की जुबान पर है। 28 साल पहले भी जब ये गाना रिलीज हुआ था, तो लोगों ने इसे खूब पसंद किया था। अब इसी पुराने गाने को नए रूप में यानी एक्सटेंडेड वर्जन में रिलीज किया गया है। हालांकि इस बार म्यूजिक में थोड़ा बदलाव भी किया गया है। पहले इस गाने का नाम “संदेशे आते हैं” था, जिसे अब बदलकर घर कब आओगे कर दिया गया है।
सोनू निगम की गायकी
यह गाना फिल्म के चारों मुख्य स्टार्स सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी पर फिल्माया गया है। जबकि इस गाने को महशूर गायक सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ ने अपनी आवाज दी है। सबसे बड़ी बात ये है कि सोनू निगम ने ही 28 साल पहले इसके ओरिजिनल वर्जन को भी गाया था। इसमें सोनू निगम के साथ रूपकुमार राठौर ने भी अपनी आवाज दी थी। अब गाने में नयेपन को रखने के लिए मेकर्स ने अरिजीत, दिलजीत और विशाल को भी गाने का हिस्सा बनाया है।


