मनोरंजन : बॉलीवुड फिल्म निर्देशक साजिद खान चर्चित एकता कपूर के शो के प्रोडक्शन के दौरान सेट पर शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे में घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में फिल्म निर्देशका के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसेक बाद आननफानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डॉक्टरों ने साजिद के पैर की सर्जरी की, जिसके बाद से उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के संबंध में साजिद खान की बहन और फिल्ममेकर फराह खान ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि, “सर्जरी हो चुकी है और अब साजिद बिल्कुल ठीक हैं, साजिद की सेहत में लगातार सुधार देखा जा रहा है।” बता दें कि इससे पहले साजिद खान पिछले महीने यानी 23 नवंबर को अपने 55वें जन्मदिन के मौके पर परिवार और करीबी दोस्तों के साथ नजर आए थे। फराह खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें साजिद केक काटते नजर आए। उनके दोस्त उनके लिए गाना गाते दिखे।
साजिद खान की डायरेक्शन करियर की बात करें तो साल 2006 में आई उनकी पहली फिल्म ‘डरना जरूरी है’ थी। इसके बाद उन्होंने कई कॉमेडी फिल्मों का निर्देशन किया, जिनमें हे बेबी, हाउसफुल और हाउसफुल 2 जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके बाद उन्होंने हिम्मतवाला और हमशकल्स जैसी फिल्में भी बनाई थीं, लेकिन इन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन रहा। साजिद खान एक एक्टर के तौर पर झूठ बोले कौवा काटे, मैं हूं ना, मुझसे शादी करोगी और हैप्पी न्यू ईयर जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।


