गढ़वा : गढ़वा-मेदिनीनगर फोरलेन पर हुर गांव स्थित टोल प्लाजा के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बालू लदा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर की विपरीत दिशा से आने वाली बाइक से जोरदार भिड़ गया। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन जा रहे थे।
इसे भी पढ़ें: फिल्म अभिनेता रजनीकांत ने कहा- दो साल तक तमिलनाडु के सीएम विजय को परेशान नहीं करना चाहिए
हुर गांव टोल प्लाजा के समीप सामने से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उदय पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध बालू उठाव और ढुलाई का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। पकड़े जाने के डर से ट्रैक्टर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। परिजनों ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि फोरलेन पर चलने वाले अवैध बालू लदे ट्रैक्टर अधिकांश दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन इन पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।


