बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव में सभी सीटों की तस्वीर अब साफ हो गई है. 6 नवंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए 121 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार का काम शुरू हो गया है और इस चरण में 1314 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं तो वहीं दूसरे चरण में 11 नवंबर को होने वाले चुनाव को लेकर तस्वीर जल्दी ही साफ हो जाएगी.
Highlights:
जन सुराज पार्टी 240 सीटों पर मैदान में
243 सीटों पर हो रहे 18वें बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी अकेले चुनाव लड़ रही है, पार्टी ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए लेकिन पार्टी को बड़ा झटका तब लगा जब दानापुर से उसके उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया तो वहीं गोपालगंज और ब्रह्मपुर में पार्टी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया. ऐसे में अब जन सुराज पार्टी 240 सीटों पर ही चुनाव मैदान में है.
प्रशांत किशोर का BJP पर गंभीर आरोप
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके BJP पर उनके प्रत्याशियों को तोड़ने का बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि बीजेपी के नेता जन सुराज से घबराए हुए हैं. उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद प्रधान पर आरोप लगाया कि प्रधान खुद जन सुराज के प्रत्याशियों को तोड़ने में जुटे हुए हैं. BJP बिहार में महागठबंधन का डर दिखाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है. उन्होने दावा किया कि उनकी पार्टी के तीन घोषित उम्मीदवारों को या तो नामांकन दाखिल नहीं करने दिया गया या फिर उन्हें दबाव डालकर चुनाव मैदान से हटने पर मजबूर किया गया है .
दानापुर सीट पर उम्मीदवार का नामांकन नहीं हो सका
PK ने दावा किया कि जन सुराज के उम्मीदवार चुनाव न लड़ पाए इसके लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अहम जिम्मेदारी दी गई है. वह ही ये सब काम कर रहे हैं. प्रशांत किशोर ने खास तौर पर दानापुर विधानसभा सीट का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से जन सुराज के उम्मीदवार अखिलेश उर्फ मुटुर शाह नामांकन नहीं कर सके. उन्होंने आरोप लगाया कि मुटुर शाह को नामांकन के दिन गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठाया गया और उन्हें रसूख दिखाकर पूरे दिन वहां रोका गया. किशोर ने कहा, ऐसी अफवाह फैलाई गई कि उन्हें RJD प्रत्याशी रीत लाल यादव ने अगवा कर लिया, लेकिन सच्चाई ये थी कि वे खुद गृह मंत्री के साथ बैठे हुए थे. BJP की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव दानापुर से चुनाव लड़ रहे हैं. जबकि राजद की ओर से वर्तमान विधायक रीतलाल यादव चुनाव मैदान में हैं.
दो उम्मीदवारों पर दबाव का आरोप
प्रशांत किशोर ने यह भी खुलासा किया कि पिछले 4-5 दिनों में जन सुराज के दो उम्मीदवारों, गोपालगंज से शशि शेखर सिन्हा और ब्रह्मपुर से डॉ सत्य प्रकाश तिवारी को डराकर, धमकाकर या घर में कैद कर उन्हें नामांकन वापस लेने को मजबूर किया गया है. उन्होंने कहा कि चुनाव हारने को लेकर BJP की घबराहट साफ दिख रही है. चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही हमारे उम्मीदवारों को टारगेट किया जाने लगा है.
जन सुराज पीछे नहीं हटेगा – PK
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने BJP और NDA को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि खरीद लो जितने उम्मीदवार, धमका लो जितनों को धमका सकते हो, घर में बंद कर दो जितनों को करना है. लेकिन जन सुराज पीछे नहीं हटेगा. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और 14 नवंबर को नतीजे सबके सामने होंगे.


