बिहार : बिहार में प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी से जुड़े नेता और मशहूर भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने जनसुराज पार्टी से नाता तोड़ लिया है। रितेश पांडेय रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन चुनाव में हार के बाद उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया।
Highlights:
X पर पोस्ट कर दी जानकारी
रितेश पांडेय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक होने के नाते और अधिकार से मैंने जन सुराज पार्टी के साथ जुड़कर लोक तंत्र के महापर्व में भाग लिया, परिणाम अनुकूल नहीं रहे पर मुझे इसका तनिक भी अफसोस नहीं है क्योंकिं मैंने अपना काम ईमानदारी से किया खैर अब उसी काम के माध्यम से आप सभी का सेवा जारी रखना है जिससे आप लोगो ने मुझ जैसे एक मामूली किसान परिवार के लड़के को इतना प्यार दुलार और सम्मान दे कर यहाँ तक पहुंचाया और इसमें किसी राजनैतिक दल का सक्रिय सदस्य रहकर काम करना बहुत मुश्किल है इसलिए आज मैं जन सुराज पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे रहा हूँ।
जनता का जताया आभार
अपनी पोस्ट में रितेश पांडेय ने जनता का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि एक किसान परिवार से आने वाले साधारण लड़के को लोगों ने बहुत प्यार, सम्मान और समर्थन दिया। उन्होंने माना कि किसी राजनीतिक दल के सक्रिय सदस्य के रूप में काम करते हुए जनता की सेवा करना उनके लिए कठिन हो रहा था। इसी कारण उन्होंने जनसुराज पार्टी से अलग होने का फैसला लिया। गौरतलब है कि रितेश पांडेय ने 18 जुलाई 2025 को जनसुराज पार्टी की सदस्यता ली थी।
रितेश पांडेय ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में करगहर सीट से चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें सिर्फ 16,298 वोट ही मिले। इस सीट पर जदयू उम्मीदवार वशिष्ठ सिंह ने 92,485 वोट हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की। पार्टी छोड़ने के बाद रितेश पांडेय ने साफ किया कि वह राजनीति से दूर नहीं जा रहे हैं। वह अपने काम के माध्यम से जनता की सेवा आगे भी जारी रखेंगे। उनके इस फैसले को लेकर बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।


