साहिबगंज : अवैध लकड़ी के परिवहन एवं वन संपदा की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने डिगरा पहाड़, बांझी क्षेत्र से 40 पीस सखुआ के तैयार चौखट सहित एक बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर जब्त किया है। वन विभाग की यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
इसे भी पढ़ें: दुमका के काठीकुंड में चोरी के मामले का पुलिस ने किया उद्भेदन, एक गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, अवैध रूप से लकड़ी के परिवहन की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थल पर पहुंचकर ट्रैक्टर को जब्त किया। जांच के दौरान ट्रैक्टर पर 40 पीस सखुआ की लकड़ी से तैयार चौखट लदे हुए पाए गए। जब्त ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी।
जब्त लकड़ी एवं ट्रैक्टर को वन परिसर लाकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के दौरान लकड़ी के स्रोत, अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों तथा अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में वन परिसर पदाधिकारी राणा रंजीत चौधरी, उप वन परिसर पदाधिकारी सुनील कुमार, श्री अंकित झा सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।

