मेदिनीनगर : पलामू में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय की सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है. औचक छापेमारी और त्वरित कार्रवाई के जरिए वे अवैध बालू कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश में जुटे हैं. इसी क्रम में गुरुवार को उन्होंने मेदिनीनगर शहर के बेलवाटिका चौक के पास छापेमारी कर अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया. इससे एक दिन पहले बुधवार को लेस्लीगंज में भी कार्रवाई करते हुए दो बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए थे.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: पलामू में 20 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, पिता और सौतेली मां पर प्रताड़ना का आरोप
लगातार दूसरे दिन ट्रैक्टर पकड़ाया
दो दिनों के भीतर तीन ट्रैक्टरों की जब्ती एसडीओ की लगातार सक्रियता को दर्शाती है. लेस्लीगंज में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी. वहीं गुरुवार को शहर के बेलवाटिका चौक के पास औचक कार्रवाई की गई. दोनों ही मामलों में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की गई.
चैनपुर से जब्त किए थे तीन ट्रैक्टर
इससे पहले 26 अक्टूबर को भी एसडीओ के औचक छापेमारी अभियान के दौरान तीन ट्रैक्टर पकड़े गए थे. तीनों ट्रैक्टरों पर करीब 120-120 सीएफटी बालू लदा हुआ था. जांच के दौरान वैध चालान नहीं मिलने पर वाहनों को जब्त किया गया था.
सतबरवा में भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले 13 अक्टूबर की रात एसडीओ संजय पांडेय ने सतबरवा क्षेत्र में बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर सतबरवा थाना पुलिस के हवाले किया था. बाद में उन्होंने बताया था कि अवैध परिवहन और वैध चालान उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रैक्टर को जब्त कर खनन पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी गई थी.
इस तरह 13 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच अलग-अलग कार्रवाई में सात बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए जा चुके हैं. एसडीओ की लगातार छापेमारी और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने की पहल से अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन की सख्ती सामने आ रही है हालांकि, इन कार्रवाइयों का स्थायी असर तभी दिखेगा जब अवैध खनन और परिवहन पर नियमित निगरानी बनी रहेगी.

