रांची: पिछले दिनों सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी के बाद आज गुरूवार को डीसी कार्यालय यानी समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद जांच एजेंसी तत्काल सक्रिय हुई और मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है. पूरे समाहरणालय परिसर की जांच की जा रही है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी एक अज्ञात ईमेल के जरिए मिली है. धमकी में परिसर को उड़ाने के लिए ‘सल्फर नाइट्रेट’ बम का इस्तेमाल करने का जिक्र है.
ईमेल में दावा किया गया है कि बीडीएस टीम भी इस बम का पता लगाने में नाकाम रहेगी। इधर जैसे ही धमकी की सूचना मिली, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और बीडीडीएस की टीम समाहरणालय परिसर पहुंची। टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों और खोजी कुत्तों (स्निफर डॉग्स) की मदद से परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी शुरू कर दी है।
रांची में बम से उड़ाने की धमकी का यह दूसरा मामला है, इससे पहले बीते दिनों सिविल कोर्ट को भी ऐसी ही धमकी मिली थी जिसके बाद दो दिनों तक सिविल कोर्ट परिसर की सघन जांच की कार्रवाई हुई थी. हालांकि बाद में यह धमकी झूठी साबित हुई थी.


