क्राइम डेस्क: समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना में युवती के साथ कथित छेड़खानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो जगतसिंहपुर में बांध किनारे का है। बता दें, कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। और चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है। फिलहाल, युवती या उसके परिजनों की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Highlights:
जानकारी के अनुसार युवती अपने एक परिचित युवक के साथ कहीं जा रही थी। इसी दौरान जगतसिंहपुर में बांध किनारे सड़क पर दोनों कुछ देर के लिए रुके थे और युवती मोबाइल से तस्वीर ले रही थी। इसी दौरान आसपास मौजूद कुछ युवकों ने युवती को घेर लिया और इसके बाद उसके साथ छेड़खानी की। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। और बाद में यही वीडियो इंटरनेट पर मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर दिया।
घटना की पुरी जानकारी
वीडियो में एक लड़की सड़क पर खड़ी नजर आ रही है, जहां कुछ लड़के उसे परेशान करते दिख रहे हैं। लड़की उनसे बचने की कोशिश करती है, लेकिन एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता नजर आ रहा है। विरोध करने पर एक अन्य लड़का उसे मारने की कोशिश करता नजर आता है। सड़क के बीच यह पूरा घटनाक्रम चलता रहता है, लेकिन कोई भी सामने आकर लड़की की मदद करता नहीं दिखता है। लड़की बार-बार लड़कों से उसे छोड़ने की बात कहती है, लेकिन वे उसे जाने नहीं देते है। इसके बाद लड़की कहती है कि वह अपने भाई को बुला रही है, जिस पर लड़के जवाब देते हैं, “ठीक है, बुलाओ।”
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस करेगी जांच
इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर घटना की चर्चा तेज हो गई। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर छानबीन शुरू की दी। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने के साथ घटना की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि घटना कब हुई और उस समय वहां वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं।
पुलिस की जांच में वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है। लेकिन पुलिस का कहना है कि केवल वायरल वीडियो के आधार पर घटना से जुड़े सभी तथ्यों को स्पष्ट नहीं माना जा सकता है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति सामने आएगी। कर्पूरीग्राम के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में मामला सत्य पाए जाने पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों के नाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार और जगतसिंहपुर के वार्ड सदस्य दिलीप राम शामिल हैं। पुलिस वीडियो में नजर आ रही नाबालिग लड़की की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह वीडियो कब का है।


