रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बिहार के उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री सम्राट चौधरी से बिहार में बुलडोजर एक्शन रोकने और भाईचारे व संवाद की अपनाने की अपील की है, सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखे एक पोस्ट में इरफान अंसारी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश की नकल बिहार में नहीं चलेगी, बिहार के लोग ऐसी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करते। सद्भाव, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द से ही देश आगे बढ़ेगा।
Highlights:
राज्यपाल के बेटे के रिसेप्शन में मुलाकात
दरअसल मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के सुपुत्र के रिसेप्शन समारोह में डॉ. इरफान अंसारी शामिल होने पहुंचे थे और इस दौरान ही मौके पर मौजूद बिहार के डिप्टी सीएम व गृह मंत्री सम्राट चौधरी से उनकी मुलाकात हुई. इस मुलाकात के दौरान ली गई तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेय़र करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने यह पोस्ट लिखा. इस दौरान तस्वीरों में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी नजर आए.
सम्राट चौधरी को नहीं किया टैग
इस मुलाकात की तस्वीरें संग एक्स पर लंबा पोस्ट लिख झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने सम्राट चौधरी को दिए नसीहत के साथ ही एक राजनीतिक संदेश भी दिया। इरफान अंसारी के मुताबिक उन्होंने बिहार में हाल के दिनों में चर्चा में रहे बुलडोजर एक्शन के मुद्दे पर सम्राट चौधरी से बातचीत की। हालांकि अपने इस पोस्ट के साथ इरफान अंसारी ने न तो सम्राट चौधरी को टैग किया है और न ही बिहार के किसी नेता को। उन्होंने केवल झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी व गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ. श्रीवेल प्रसाद को टैग किया है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के बेटे के विवाह उपलक्ष्य में दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन कार्यक्रम राजनीतिक हलकों में चर्चा में है। इस मौके पर देश की राजनीति से जुड़े कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए। अलग-अलग दलों और राज्यों के नेताओं की मौजूदगी ने इस समारोह को महज पारिवारिक आयोजन से आगे बढ़ाकर एक अहम राजनीतिक मेल-मिलाप का अवसर बना दिया।


